राजनगर एक्सटेंशन की अजनारा इंटीग्रिटी में साइकिल चला रही छोटी बच्ची को पालतू कुत्ते के काटने का वीडियो तीन दिन बाद वायरल हो रहा है। इस घटना पर लोगों ने तीव्र प्रतिक्रिया दी है। लोगों ने इस समस्या से निजात दिलाने की मांग उठाई है। हालांकि इस मामले में नंदग्राम थाने में बच्ची के परिजनों की ओर से एफआईआर पूर्व में दर्ज करा दी गई है।
विज्ञापन
सोसायटी के सचिव वेंकटेश का कहना है कि नगर निगम के दिशा-निर्देश के बाद भी कुत्तों को पालने में लोग लापरवाही बरत रहे हैं। सार्वजनिक स्थान पर कुत्तों को ले जाते समय कुत्ते के मुंह पर जाली वाला मास्क लगाना अनिवार्य है फिर भी लोग नहीं लगा रहे हैं। केडीपी ग्रैंड सवाना सोसायटी के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी का कहना है कि पूरा शहर इस समस्या से परेशान है। नगर-प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। कई घटनाएं होने के बाद भी लापरवाही बरती जा रही है। चुनाव में भी यह मुद्दा लोगों ने उठाया था। फेडरेशन ऑफ राजनगर एक्सटेंशन के मीडिया सह प्रभारी मनोज अग्रवाल का कहना है कि यह बहुत चिंता का विषय है। प्रशासन को तुरंत संज्ञान ले कर ठोस कदम उठाना चाहिए।