मेवात इलाके को शर्मशार करने वाले गैंग रेप विडियो का खुलासा होने के बाद मेवात इलाके में प्रमुख लोगों, समाज सेवियों व बार एसोसिएशन में रोष है।
मेवात बार एसोसिएशन ने बृहस्पतिवार को प्रस्ताव पारित कर फैसला लिया है कि गैंग रेप के किसी भी आरोपी के बचाव में कोई भी वकील पैरवी नहीं करेगा। बल्कि उनको सजा-ए-मौत दिलाने की कोशिश करेगा। वहीं बार ने इस मामले की कड़ी निंदा की है।
मेवात बार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष ताहिर हुसैन रूपडिया ने बताया कि हाल ही में मेवात जिला के काला पहाड़ गैंग रेप मामला हुआ है। इस मामले ने मेवात को शर्मशार कर दिया है।
इस घटना से पूरे मेवात की बदनामी हुई है। उन्होंने कहा कि मेवात बार एसोसिएशन पूरी तरह पीड़ित लड़की के साथ खड़ी है।
कड़ी सजा दिलाने की कोशिश होगी
उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को बार की बैठक हुई। उसमें निर्णय लिया कि काला पहाड़ गैंग रेप के आरोपियों के बचाव में कोई भी वकील पैरवी नहीं करेगा।
समाज सेवी एवं मेवात विकास सभा के अध्यक्ष रमजान चौधरी ने कहा कि जबसे मेवात के प्रमुख लोगों को इस बारे में जानकारी मिली है, तब से इलाके के लोगों में गुस्सा हैं। इस मामले को लेकर आगामी 7 मई को तावड़ू में महापंचात होगी।
मामले के जांच अधिकारी आशीष चौधरी ने बताया कि 8 आरोपियों में से एक और आरोपी वसीम को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि इससे पहले पुलिस साकिर को गिरफ्तार कर चुकी है।
आठ लोगों ने किया एक लड़की का रेप
बता दें कि मेवात की लड़की का अपहरण कर 8 युवकों ने तावडू़ के पहाड़ में जबरदस्ती गैंग रेप किया। लड़की को बदनाम करने की नियत से उसका एमएमएस बनाकर वाट्सअप पर डाल दिया। जब सामूहिक रेप का वीडियो वायरल हुआ, तो किसी ने मेवात एसपी को इसकी शिकायत की।
एसपी ने आईटी एक्ट के तहत तावडू़ थाने में मामला दर्ज करा दिया। तावड़ू थाने में मामला दर्ज कराने का मकसद था कि गैंग रेप वीडियो के फुटेज में काला पहाड़ सीलखो सीमा नजर आती है।
पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ गैंग रेप का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिसमें दो आरोपी गिरफ्तार कर लिया हैं। जबकि आधा दर्जन अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं।