कोसी-होडल सेक्शन के बीच मध्य प्रदेश के वित्तमंत्री की पत्नी के साथ ट्रेन में हुई लूटपाट के मामले में जीआरपी फरीदाबाद भी जांच में जुट गई है।
बदमाशों की धरपकड़ के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। अधिकारी मथुरा जीआरपी से लगातार संपर्क में हैं और एक टीम वहां डेरा डाले हुए है।
ज्ञात हो कि 19 मार्च की सुबह कोसी-होडल सेक्शन से गुजरने वाली 12722 दक्षिण एक्सप्रेस और 22181 जबलपुर-निजामुद्दीन एक्सप्रेस गाड़ियों में हथियारों से लैस बदमाशों ने लूटपाट की थी।
दोनों गाड़ियों में सफर करने वाले 4-5 यात्री लुटेरों के शिकार हो गए। उनमें मध्यप्रदेश के वित्तमंत्री जयंत मलैया की पत्नी भी शामिल थीं।
मंत्री की पत्नी का मामला होने के कारण आनन-फानन में जीआरपी निजामुद्दीन ने मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी।