ग्रेटर नोएडा के अपर जिलाधिकारी शिशिर सिंह ने कहा है कि समाजवादी पेंशन योजना के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में 21 मार्च तक आवेदन जमा किए जाएंगे। लाभार्थियों का चयन ग्राम और वार्ड स्तर पर खुली बैठक में होगा।
वह मंगलवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में पत्रकार वार्ता में पेंशन योजना के बारे में जानकारी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि पांच सौ रुपये प्रतिमाह के हिसाब से हर तीन माह में भुगतान होगा।
पढ़ें: बंपर नौकरियां, 4500 पदों पर होगी भर्ती
परिवार के बच्चे सरकारी स्कूल में पढ़ने पर हर साल 50 रुपये की वृद्धि होगी। कोई सदस्य सरकारी गैर सरकारी, एनजीओ, निजी संगठनों में वेतन भोगी हो या सरकारी या अर्धसरकारी सेवाओं से सेवानिवृत्त हुआ हो और पेंशन प्राप्त कर रहा हो तो उसे इसका लाभ नहीं मिलेगा।
उन्होंने बताया कि जनपद में शहरी क्षेत्र की श्रेणी में दादरी, जेवर, विलासपुर, जहांगीरपुर, रबूपुरा और दनकौर कस्बों को रखा गया है। इनमें 2207 परिवार लाभान्वित होंगे। बाकी को ग्रामीण क्षेत्र में रखा गया है, जिसमें 3014 परिवारों को योजना का लाभ मिलेगा।