घर से भागे प्रेमी जोड़ों की तलाश में यूपी और बिहार की पुलिस एक एक-दूसरे राज्यों के चक्कर लगा रही हैं। करीब दस दिन पहले घर वालों से छिप कर भागलपुर से आए युवक-युवती को खोजते हुए बिहार की पुलिस ग्रेटर नोएडा पहुंची है। पुलिस ने दोनो को उनके परिजनों को सौंप दिया है। वहीं दो दिन पहले ग्रेटर नोएडा से गायब हुई लड़की की तलाश में कासना कोतवाली पुलिस बिहार पहुंच चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, जिला भागलपुर से करीब 10 दिन पहले परिजनों से छिपकर आए युवक-युवती ग्रेटर नोएडा के सेक्टर गामा वन में रह रहे थे। बिहार पुलिस के काफी प्रयासों के बाद दोनो का पता लग पाया है। फोन कॉल के माध्यम से इनकी लोकेशन नोएडा-ग्रेटर नोएडा की मिली, जिसके बाद बिहार पुलिस ने कासना कोतवाली पुलिस की मदद से प्रेमी जोड़े को ढूंढ निकाला।
युवक और युवती के मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद दोनों के परिजन थाने पहुंचकर अपने-अपने बच्चों को घर ले गए। पुलिस का कहना है कि युवक और युवती एक ही गांव के है।
वहीं एक दूसरा मामला ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा टू से गायब युवती का है। बृहस्पतिवार को 19 वर्षीय एक युवती काम करने के लिए सेक्टर के घरों में गई थी। युवती के जाने से पहले घर पर रखे मोबाइल पर एक फोन आया था।
इसके बाद वह घर से निकली थी जो वापस नही लौटी है। युवती के पिता ने फोन करने वाले पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है जबकि पुलिस का मानना है कि युवती अपने प्रेमी संग गई है। पुलिस के मुताबिक, युवती को बुलाने के लिए जिस नंबर से फोन आया था उसकी लोकेशन बिहार की मिल रही है। शक के आधार पर पुलिस टीम बिहार पहुंच चुकी है।