शादी की आड़ में ठगी करने का एक नया तरीका सामने
आया है। पति बहन बताकर पत्नी की शादी किसी अधेड़ या जिसकी बीवी मर चुकी है,
ऐसे व्यक्ति से कराता है। शादी पूरी तरह रीति रिवाज के अनुसार कराई जाती
है। ठग महिला कई महीनों तक ससुराल में भी रहती है।
बाद में दहेज या जानलेवा
हमले का फर्जी मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर फैसले और तलाक का दबाव
बनाते हैं और लाखों रुपये वसूल कर रफूचक्कर हो जाते हैं।
इस गिरोह का
शिकार यूपी पुलिस का एक सिपाही भी हुआ। सिपाही ने आरोपी दंपति पर घर से
करीब तीन लाख की ज्वैलरी चोरी करने और दहेज का झूठा मुकदमा दर्ज होने की
शिकायत एसएसपी से की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिपाही ने
बताया कि वर्ष 2008 में डिलीवरी के दौरान उनकी पत्नी की मौत हो गई थी।
गाजियाबाद के ही एक व्यक्ति ने फर्जी तरीके से बहन बताकर वर्ष 2012 में
अपनी पत्नी की शादी उससे करा दी।
कुछ माह तक दोनों साथ रहे बाद में अलग हो
गए। इस दौरान वह घर से करीब ढाई लाख रुपये कीमत के जेवर लेकर चली गई और उस
पर दहेेज का झूठा मुकदमा भी दर्ज करा दिया।
अब महिला का तथाकथित भाई और
असल में पति फैसले के नाम पर उससे मोटी रकम की मांग कर रहा है। सिपाही का
आरोप है कि आरोपी महिला पहले भी कई लोगों से शादी कर चुकी है। ये एक गिरोह
है, जिसमें कई लोग सक्रिय हैं।
गिरोह के सदस्य उन लोगों को निशाना बनाते
हैं, जिनकी पत्नी की मौत हो चुकी हो या शादी नहीं हो रही हो। उन्होंने
बताया कि महिला ने रक्षा मंत्रालय में तैनात कर्मचारी से भी शादी की थी।
बाद में समझौता किया था। एसपी क्राइम राम अभिलाष त्रिपाठी का कहना है कि
सिपाही ने शिकायत की है, जिसकी जांच कराई जा रही है।