हादसे के बाद चालक मौके पर वैन छोड़कर फरार हो गया। गुस्साई भीड़ ने पहले वैन में तोड़फोड़ की, बाद में वैन को पलट दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को शांत कराया। बाद में वैन को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। फुटेज में दिख रह रहा है कि एक ग्रे कलर की ईको वैन कई लोगों को टक्कर मारने के बाद अचानक रुक गई। इसके बाद देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में फुटेज में लोग वैन में तोड़फोड़ करते हुए दिख रहे हैं। फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार रात को सीलमपुर सब्जी मंडी में हुआ। दीपावली की वजह से बाजार खरीदारों की खासी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान वैन चालक बड़ी तेज गति से अपनी वैन लेकर आया और उसने कई लोगों को टक्कर मार दी। बाद में वैन सामान से टकराकर खुद ही रुक गई।
घटना के बाद मौके पर हहाकार मच गया। लोग अपने-अपनों को बचाने भागे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। बाद में घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसकी पहचान कर ली गई है।