जिले में गर्मी बढ़ते ही रोजाना करीब 136 लाख यूनिट की आपूर्ति की जा रही है। जबकि मांग इससे कहीं अधिक है। इस कारण फाल्ट और ब्रेक डाउन की समस्या शुरू हो गई है। बिजली समस्या को लेकर कंट्रोल रूम में भी रोजाना करीब एक हजार से अधिक शिकायतें दर्ज की जा रही है। इसमें तिलपत, पल्ला, खेड़कला, कुरैशीपुर, नंगला-पार्ट एक और दो, सरूरपुर, राजीव कॉलोनी, ओल्ड फरीदाबाद, डबुआ कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी आदि क्षेत्र शामिल हैं।
रविवार को कई इलाकों में घंटों पावर कट रहा। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग द्वारा बिजली की कटौती उस समय की जाती है, जिस समय बिजली की बेहद आवश्यकता होती है। जिस समय पानी की सप्लाई होती है, अक्सर उस समय बिजली नहीं रहती। रात को तो बिजली कई-कई घंटे तक नहीं आती। जिस कारण इन्वर्टर भी ठप हो जाते है। ऐसे में उन्हें कई बार तो पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ती है।
बिजली की समस्या को दूर करने के लिए मरम्मत कार्य का अभियान तेज कर दिया गया है। जिससे की आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने पर लोगों को बिजली कटौती से न जूझना पड़े। -जितेंद्र ढुल, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम