जेएनयू में 9 फरवरी को देशविरोधी नारे लगाने वाले कार्यक्रम में कश्मीर यूनिवर्सिटी के छात्र भी आए थे। आधा दर्जन से ज्यादा छात्रों को उमर खालिद ने बुलाया था।
दूसरी तरफ फरारी के दौरान उमर खालिद जामिया नगर के पास सुखदेव विहार में अपनी एक महिला दोस्त के यहां छिपा था। वह दिल्ली से बाहर नहीं गया था।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच में ये बात सामने आई है कि जेएनयू के विवादित कार्यक्रम में कश्मीरी युवक शामिल थे।
उमर खालिद के मुनिरका स्थित कमरे में ठहरे थे ये
उमर खालिद ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने कश्मीरी यूनिवर्सिटी के छात्रों को कार्यक्रम में बुलाया था। ये कई दिन पहले दिल्ली आ गए थे और उमर खालिद के मुनिरका स्थित कमरे में ठहरे थे।
ज्यादातर को उमर खालिद व्यक्तिगत रूप से जानता है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह इन युवकों को कैसे और किसके माध्यम से जानता है।
खालिद का यह भी कहना है कि इनमें से कुछ युवक जेएनयू में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। कार्यक्रम में जम्मू कश्मीर व केरल की आजादी के नारे लगाए गए थे। केरल की आजादी के नारे की बात पहली बार सामने आई है।
खालिद सुखदेव विहार में महिला दोस्त के घर में छिपा था
उमर खालिद ने पूछताछ में बताया कि वह देशद्रोह की एफआईआर दर्ज होने के बाद गायब हो गया था। वह दिल्ली से बाहर नहीं था। उमर खालिद सुखदेव विहार में अपनी एक महिला दोस्त के घर में छिपा था।
यहीं से वह 22 फरवरी को ऑटो से जेएनयू पहुंचा था। जेएनयू में ये मेन गेट से गए थे। उमर खालिद सुखदेव विहार में छिपा था जबकि दिल्ली पुलिस की टीमें शिमला, हिमाचल प्रदेश आदि जगहों पर छापेमारी कर रही थीं।
दिल्ली पुलिस ने उमर खालिद व अनिर्बन भट्टाचार्य को आरकेपुरम थाने में अलग-अलग कमरों में रखा है। दोनों से अलग-अलग बैठाकर पूछताछ की जा रही है।