यूजीसी नेट जून 2019 कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन दाखिला आवेदन पत्र भरने के खिड़की खुल गई है। इच्छुक छात्र 30 मार्च तक आवेदन भेज सकते हैं। जबकि एक अप्रैल रात 11:50 बजे तक छात्रों के पास दाखिला आवेदन फीस जमा करने का आखिरी मौका है। सामान्य वर्ग के छात्रों को 800 रुपये, ओबीसी व ईडब्ल्यूएस वर्ग को 400 और अन्य आरक्षित वर्ग के छात्रों को 200 रुपये दाखिला फीस जमा करनी होगी। जबकि यूजीसी नेट प्रवेश परीक्षा 20 से 28 जून तक आयोजित होगी।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) प्रबंधन के मुताबिक, 20, 21, 24, 25, 26, 27 व 28 जून को यूजीसी नेट की प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा दो शिफ्ट (सुबह और दोपहर) में आयोजित होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 से 12:30 बजे तक और दोपहर की शिफ्ट 2:30 से 5:30 बजे तक चलेगी। जबकि दाखिला प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट 15 जुलाई को जारी होगा।
छात्र दाखिला आवेदन पत्र में 7 से 14 अप्रैल तक सुधार कर सकेंगे। जबकि 15 मई को एनटीए की वेबसाइट से छात्र एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। यूजीसी नेट में 10 फीसदी ईडब्ल्यूएस का लाभ मिलेगा। इसलिए ऑनलाइन आवेदन पत्र में ईडब्ल्यूएस की जानकारी देना अनिवार्य है।
परीक्षा में पूछे जाएंगे 150 प्रश्न
एनटीए प्रबंधन के मुताबिक, परीक्षा में दो पेपर होंगे, जो कि 180 अंक के रहेंगे। पेपर-एक 100 अंक का होगा, जिसमें 50 प्रश्न पूछे जाएंगे। जबकि पेपर-दो 200 अंक का होगा। इसमें 100 प्रश्न आएंगे। सभी प्रश्नों के उत्तर देने अनिवार्य रहेंगे। परीक्षा में कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। तीन घंटे की परीक्षा के दौरान कोई ब्रेक नहीं मिलेगा। यूजीसी नेट परीक्षा के पाठ्यक्रम में बदलाव किया गया है। इसलिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे पाठ्यक्रम संबंधी जानकारी के लिए एनटीए वेबसाइट पर सर्च करें।