दिल्ली में पुलिस वालों पर हमले कम होने का नाम ही नहीं ले रहे। रविवार देर रात तेज रफ्तार सेंट्रो कार से पांच ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को रौंदने के बाद वजीराबाद में सरेआम दो ट्रैफिक पुलिकर्मियों को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है।
इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है जिसमें भीड़ में कुछ लोग दो ट्रैफिक पुलिकर्मियों को दौड़ा कर पीट रहे हैं। अचानक ही एक पुलिसवाला सड़क पर गिर जाता है।
गिरने के बाद भी भीड़ में से कुछ लोग उसे बेहरमी से पीटते रहते हैं। पुलिसवाले किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने की कोशिश करते हैं। इसके बाद भी कुछ लोग उनका पीछा करते हुए देखे जा सकते हैं।
घटना के बाद दोनों ही पुलिसकर्मियों को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घटना उत्तर पूर्वी दिल्ली की है। जहां वजीराबाद रोड पर कुछ लोगों ने मिलकर ट्रैफिक पुलिस के दो जवानों की जमकर पिटाई कर दी।