हथियार तस्करी में गिरफ्तार हो चुका है रविंद्र
स्पेशल सेल के पुलिस अधिकारियों के अनुसार रविंद्र अपने एक संपर्क के जरिए जेल में बंद तरनजोत के संपर्क में आया। उसने पैसे का लालच देकर मध्य प्रदेश से हथियार मंगवाना शुरू कर दिया। वह मध्य प्रदेश से हथियार लाकर तरनजोत के संपर्कों को सप्लाई करने लगा। बीते साल अगस्त में ये हथियार तस्करी के आरोप में गिरफ्तार हुआ और नवंबर तक जेल में रहा। जेल से बाहर आने के बाद ये पंजाब में तन्ना के जरिए अमनदीप उर्फ मंत्री के संपर्क में आया। अमनदीप त्रिवेणी द्वार, पाठनकोठ कैंट में ग्रेनेड ब्लास्ट में गिरफ्तार हो गया। बाद में रविंद्र भी आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार हो गया। जेल से बाहर आने के बाद ये तन्ना के जरिए नवदीप सिंह के संपर्क में आया।
तरनजोत के कहने पर भटिंडा में व्यवसायी के घर पर फायरिंग की थी
स्नातक करने के बाद नवदीप सिंह दुबई चला गया। वहां नौ महीने गार्ड की नौकरी करने के बाद पंजाब आ गया। वह एक जानकार बबल प्रीत सिंह के जरिए इस साल फरवरी में तन्ना के संपर्क में आया। नवदीप ने बताया कि भटिंडा में व्यवसायी अंकित गोयल के घर पर फायरिंग करने के लिए तन्ना ने बोला था। इन्होंने भटिंडा पहुंचकर तन्ना के खास जसविंदर सिंह उर्फ घोडा से मुलाकात की। इसके बाद जसविंदर के साथ मिलकर रामा मंडी, भटिंडा, पंजाब में व्यवसायी के घर पर फायरिंग की थी। फायरिंग करने के लिए दोनों को ढाई लाख रुपये देने का वायदा किया गया था। तन्ना ने व्यवसायी की हत्या करने के दोनों को दिल्ली भेजा था।
तरनजोत को दिल्ली पुलिस रिमांड पर लाएगी
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि फिरोजपुर जेल में बंद तरनजोत कनाडा में बैठे आतंकी अर्शदीप उर्फ डल्ला के संपर्क में है। वह अर्शदीप के कहने पर रंगदारी वसूलने व आतंकी वारदात करवा रहा है। ऐसे में दिल्ली पुलिस तरनजोत को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर दिल्ली लाएगी। अर्शदीप खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) के आतंकी हरदीप सिंह निज्जर का खास सहयोगी है। अर्शदीप ने दिल्ली के व्यवसायी से पांच करोड़ की रंगदारी मांगी थी। व्यवसायी ने पांच करोड़ की रंगदारी देने से मना कर दिया था और दिल्ली पुलिस में रंगदारी मांगने का मामला दर्ज करवा दिया था। तन्ना केटीएफ के आतंकी हरदीप निज्जर से भी संपर्क है।