पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर पिछले सवा दो माह से चली आ रही वकीलों की हड़ताल से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है।
शनिवार को बागपत में हुई बैठक के बाद पश्चिमी यूपी के 22 जिलों के वकीलों ने अब सप्ताह में तीन दिन काम और तीन दिन हड़ताल का फैसला किया है। बैठक में भाग लेने गए गाजियाबाद से बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल पंडित ने इसकी पुष्टि की है।
अनिल पंडित ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मिति से निर्णय लिया गया है कि वकील अब सप्ताह के पहले तीन दिन सोमवार, मंगलवार और बुधवार को काम करेंगे, जबकि बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार को वकील अपने आंदोलन को जारी रखते हुए हड़ताल पर रहेंगे।
वकीलों के इस फैसले से हजारों वादकारियों को फायदा होगा। लंबे समय से मामूली अपराधों में जेल में बंद बंदियों की जमानत अर्जियों पर सुनवाई भी सोमवार से शुरू हो जाएगी।
बार सचिव योगेंद्र कौशिक के अनुसार वकीलों ने वादकारियों को हो रही परेशानी को देखते हुए ही यह निर्णय लिया है। बता दें कि पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर वकील 12 नवंबर से हड़ताल पर चले आ रहे थे।