शाहपुर का कहना है कि जेएनयू का एक ग्रुप देश को कमजोर कर रहा है। इनकी संख्या बढ़ती जा रही है। हरियाणा के बड़ों ने सिखाया है कि इस तरह के लोगों को सबक सिखाया जाना चाहिए।
आरोपियों का कहना है कि वह 17 अगस्त को सरेंडर कर देंगे। उन्होंने देश के लिए खालिद पर हमला किया है। उमर खालिद ने ट्वीट कर इस वीडियो व हमले की जिम्मेदारी लेने वाले लोगों के बारे में बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को सूचना दी।
डीसीपी प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि दोनों को पकड़ने के लिए हरियाणा में दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है, जिस कंप्यूटर से वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया है, उस कंप्यूटर का आईपी एड्रेस पता किया जा रहा है।
वीडियो कहा गया कि स्वतंत्रता दिवस पर वो देश को तोहफा देना चाहते थे। वे पुलिस प्रशासन से विनती करते हैं कि किसी निर्दोष को परेशान न किया जाए। वे दोनों 17 अगस्त को पंजाब में क्रांतिकारी करतार सिंह सराभा के घर पर गिरफ्तारी देंगे। पुलिस हमारा रास्ता न रोकें, अन्यथा हमें रूट चेंज करना पड़ेगा। हम खुद गिरफ्तारी दे देंगे।
देश में रहने का हक नहीं
वीडियो में बोलते हुए नवीन ने पहले तो देशवासियों को शुभकामनाएं दी। इसके बाद कहा कि ये कार्य उन्होंने अपने लिए नहीं बल्कि देश के लिए किया है। अगर इसमें उनकी जान जाती है तो परवाह नहीं। लेकिन अफजल जैसे आतंकवादी इस देश में पैदा नहीं होने दिए जाएंगे। भारत के टुकड़े करने की बात कहने वाले और पाकिस्तान जिंदाबाद कहकर देश तोड़ने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वीडियो में उमर खालिद के बारे में कहा गया कि वो देश के टुकड़े करने की बात कहता है, उसे यहां रहने का कोई हक नहीं। बता दें कि नवीन दलाल गोरक्षक सेना का अध्यक्ष है।
गौरतलब है कि गत सोमवार को दिल्ली में कंस्टीट्यूशन क्लब के बाहर जेएनयू स्टूडेंट उमर खालिद पर फायरिंग की गई थी। फायरिंग में खालिद को कोई चोट नहीं आई थी। खालिद ‘यूनाइटेड अगेंस्ट हेट’ संगठन के ‘खौफ से आजादी’ नामक एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने कंस्टीट्यूशन क्लब पहुंचे थे।
स्थानीय पुलिस अनभिज्ञ
इस मामले से स्थानीय पुलिस अनभिज्ञ है। सिटी और सदर थाने के अधिकारियों को इस बारे में कोई सूचना नहीं थी। वहीं एएसपी शशांक सावन ने बताया कि मेरे संज्ञान में यह मामला नहीं है। ना ही मैंने अब तक यह वीडियो देखी है।