आपसी झगड़ों और मारपीट की दो घटनाओं में दो युवक
गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर विभिन्न थानों में रिपोर्ट
दर्ज कर मामलों की जांच शुरू कर दी है। एक मामले में पुलिस ने तीन
आरोपियों को हिरासत में भी लिया।
एसी नगर निवासी शुभम का पास ही
रहने वाले अनिश के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार को
अनिश, उसके साथियों पहलाद सिंह व कुलदीप सिंह ने शुभम के घर पर चढ़ाई कर
दी।
तीनों ने लाठी-डंडों से हमला कर शुभम को गंभीर रूप से घायल कर
दिया। पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने तीनों
हमलावरों को हिरासत में ले लिया। एएसआई जगबीर सिंह ने बताया कि मामले की
जांच की जा रही है।
उधर, डबुआ कॉलोनी निवासी राम अधार यादव की
एनआईटी झुग्गी-17 के उमेश से किसी बात को लेकर रंजिश चल रही है। पिछले
सोमवार को वह किसी काम से एनआईटी गया था।
वहां उमेश, गोलू, सुजीत
आदि ने उसे पकड़कर लाठी डंडों से पीट दिया। निजी अस्पताल में इलाज करा रहे
राम अधार यादव ने हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।