जिला पुलिस उपायुक्त रोहित मीना ने बताया कि 24 अगस्त को एक महिला ने सोशल मीडिया एक्स के अपने अकाउंट से एक पोस्ट की। इसमें उसने बताया कि 23 अगस्त की रात वह अपनी दो बेटियों के साथ बाजार गई थी।
इसी दौरान उसने देखा कि एक कार सवार युवक काफी देर से उनकी बेटियों का पीछा कर बदसलूकी कर रहा है। आरोपी ने लगभग 15 मिनट तक उनका पीछा किया। पीड़ित महिला ने पोस्ट में आरोपी की कार का नंबर भी दिया। दिल्ली कैंट थाना पुलिस ने मामले की संज्ञान लेकर पीड़ित परिवार से मिला और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने थाना प्रभारी श्योराम यादव के नेतृत्व में दो टीम गठित की। गाड़ी नंबर से मालिक की पहचान जेवर निवासी टिंकू के रूप में हुई। पुलिस टीम उसके घर पहुंची। जहां पता चला कि वह पिछले छह महीने से एक हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहा है।
पता चला कि आरोपी कार को चिल्ला चेक पोस्ट से दिल्ली लेकर आता है। पुलिस टीम ने वहां घेराबंदी कर 15 सितंबर को आरोपी कार चालक को दिल्ली आते समय गिरफ्तार कर लिया।