हरिनगर इलाके में बृहस्पतिवार दोपहर दो सगे भाइयों ने फंदा लगाकर जान दे दी। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि कर्ज से परेशान होकर भाइयों ने यह कदम उठाया है। दोनों भाई अविवाहित थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाकर उनके रिश्तेदारों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे पुलिस को हरिनगर स्थित एक मकान से बदबू आने की शिकायत मिली। जांच में पता चला कि यह मकान बाबू लाल नामक व्यक्ति का है जिसमें आशीष कुमार देव अपने भाई छोटे के साथ रहता था। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर पुलिस भी भौचक्की रह गई। दोनों भाइयों ने खिड़की में लगे लोहे से फंदा लगाकर जान दी थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनो भाइयों ने कई लोगों से कर्ज ले रखा था। पुलिस को आशंका है कि कर्ज नहीं चुका पाने की वजह से दोनों भाईयों ने यह कदम उठाया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उनके रिश्तेदारों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।