ट्रेन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों भाई रेलवे ट्रैक को पार कर रहे थे, उसी दौरान हादसा हुआ। जीआरपी नेे पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है।
फ्रेंड्स कॉलोनी में रहने वाले सगे भाई बोमा और अजय पाल शनिवार सुबह रेलवे यार्ड के पास मृत अवस्था में मिले। रेलवे यार्ड के पास दो शवों की सूचना पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई। घटनास्थल पर मौजूद व्यक्तियों में से किसी ने इसकी जानकारी जीआरपी को दी।
जीआरपी ने मौके पर पहुंच कर शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया। घटनास्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने इनकी पहचान कर जीआरपी को इनके पिता के बारे में बताया। पिता दुर्गा प्रसाद को घटना की सूचना दी गई।
जीआरपी ने बताया कि बोमा शहर में ऑटो चलाने का और अजयपाल घरों में पेंट करने का काम करता था। दोनों भाई अपने परिवार के साथ पिछले 25 वर्षों से फ्रेंड्स कॉलोनी में किराये के मकान में रहते थे। वह मूलरूप से उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर जिले के रहने वाले थे।