प्रदेशभर में मौजूदा वित्तीय वर्ष के दौरान 2.5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य विश्वविद्यालय एवं कॉलेजों की मदद से पूरा किया जाएगा। प्रदेश में हरियाली बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे हर गांव-पेड़ की छांव’ एवं हर घर हरियाली’ अभियान को अंजाम तक पहुंचाने की जिम्मेदारी छात्र समुदाय के कंधों पर डाली गई है। इसके लिए उच्चतर शिक्षा विभाग की तरफ से तैयारियां की गई हैं।
इन दो विशेष अभियान से युवाओं एवं विद्यार्थियों को इसलिए जोड़ा जा रहा है ताकि आने वाली पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण की फिक्र हो। विद्यार्थी अपने माता, पिता, अभिभावक, भाई, बहनों को इस अभियान से जोड़ने का कार्य करेंगे।
हालांकि, इस लक्ष्य को सफल बनाने के लिए हर आम एवं खास का सहयोग लिया जा रहा है। इस मानसून सीजन में शहर और गांव के साथ शिक्षण संस्थानों में पौधारोपण को प्राथमिकता दी जा रही है।
वन विभाग के तत्वावधान में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत हर व्यक्ति को पौधे बांटे जा रहे हैं। फरीदाबाद जिले के मानव रचना विश्वविद्यालय, वाईएमसीए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय और लिंग्याज विश्वविद्याल के अलावा सात कॉलेजों के विद्यार्थियों की मदद से 2.85 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य को पूरा किया जाएगा।
अभियान के तहत विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का मौका इस बार कॉलेजों को दिया गया है। यह एक अच्छी पहल है। पर्यावरण संरक्षण के लिए सबको आगे आना होगा।- प्रीता कौशिक, प्राचार्या, नेहरू कॉलेज
प्रदेश के विश्वविद्यालय एवं कॉलेजों को विभाग की तरफ से पत्र जारी कर दिया है। प्रदेश में चल रहे पर्यावरण संरक्षण के अभियान का हिस्सा कॉलेज, विश्वविद्यालयों को भी बनना होगा।- डॉ. महावीर सिंह, प्रधान सचिव, उच्च शिक्षा विभाग