नई दिल्ली के वसंत विहार थाना क्षेत्र में बुधवार रात हादसे में बाइक सवार अश्विनी कुमार झा (28) और जगदीश सिंह (26) की मौत हो गई।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का पता लगा रही है, ताकि यह पता चल सके कि युवकों की बाइक को किस वाहन ने टक्कर मारी है।
पुलिस के अनुसार रात करीब 1:00 बजे किसी ने सूचना दी कि दो युवक जिया सराय बस स्टैंड के पास लहूलुहान हालत में बाइक के पास पड़े हैं।
इसके बाद पीसीआर वैन दोनों को एम्स के ट्रॉमा सेंटर ले गई, जहां डॉक्टरों ने मायापुरी निवासी युवकों को मृत घोषित कर दिया।
छानबीन के दौरान पता चला कि अश्विनी और जगदीश प्राइवेट जॉब करते थे। हादसे के वक्त दोनों मालवीय नगर से एयरपोर्ट की तरफ जा रहे थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए।