दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने राजगढ़, मध्यप्रदेश से दिल्ली एनसीआर में आकर शादी समारोहों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर सरगना समेत दो को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने इस गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। इसके बाद इस गिरोह ने दिल्ली आकर वारदात करना बंद कर दिया था।
अब जब यह वारदात करने आए तो दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ गए। आरोपी पूरे उत्तर भारत में वारदात करते थे। पुलिस ने इनके पास से दो कट्टे व पांच कारतूस बरामद किए हैं। अपराध शाखा डीसीपी राजेश देव के अनुसार जीओ मैस, सिविल लाइन दिल्ली में आठ दिसंबर, 2016 को एक जज के परिवार में शादी हुई थी।
शादी में शगुन व ज्वेलरी से भरा बैग गायब हो गया था। सीसीटीवी फुटेज को देखने से पता लगा कि एक लड़की व लड़का बैग को चुरा रहे हैं। सिविल लाइन थाना पुलिस इसकी तब से जांच कर रही थी। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
स्पेशल सेल की टीम को पता लगा कि राजगढ़ व गुना, मध्यप्रदेश के गिरोह इस वारदात को अंजाम दे सकते हैं। अपराध शाखा में तैनात इंस्पेक्टर सुनील कुमार को 21 नवंबर को सूचना मिली थी कि चोरी की वारदात करने वाला गिरोह सरगना प्रशांत रिंग रोड पर शांति वन की रेड लाइट पर साथियों से मिलने आएगा।
इस सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर प्रशांत सिसोदिया (19) व कुलदीप सिसोदिया (24) को दबोच लिया। दोनों आरोपी राजगढ़, मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। यह हाई प्रोफाइल शादियों में वारदात करते थे। यह मेहमान बनकर बच्चों के साथ शादियों में जाते थे बच्चे ज्वेलरी व कैश का बैग को चुरा लेते थे। गिरोह के बड़े सदस्य उन्हें कवर करते थे।