नोएडा में वाहनों के तय पार्किंग शुल्क से तीन गुना ज्यादा पैसे वसूलने पर सेक्टर-18 के वेव सिल्वर टावर के पास पार्किंग के दो कर्मियों को हवालात की हवा खानी पड़ी।
प्राधिकरण की पुलिस टीम रविवार को पार्किंग स्थलों का निरीक्षण करने निकली। इस दौरान सेक्टर-18 स्थित वेव सिल्वर टावर के बाहर पार्किंग में दो पहिया वाहन चालकों से 10 के बजाय 30 रुपये शुल्क वसूला जा रहा था।
पुलिस ने दो ठेकेदार विवेक चौहान और प्रकाश झा को सेक्टर-20 थाना पुलिस को बुलाकर गिरफ्तार करवा दिया। दोनों के खिलाफ शिकायत भी दर्ज करा दी है। इसके बाद शहर के अन्य पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया गया।
प्राधिकरण के इंस्पेक्टर एसपी सिंह ने बताया कि सभी पार्किंग पर्चियों का नया प्रारूप दिया गया है। अंग्रेजी में छपे प्रारूप के अलावा किसी और तरीके की पर्ची नहीं चलेगी। कोई भी ठेकेदार फर्जी पर्ची बनवाकर वाहन चालकों से ज्यादा शुल्क वसूलेगा, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कार के लिए पार्किंग शुल्क 10 रुपये और बाइक का 5 रुपये है। इसके बाद हर दो घंटे का 5 रुपये लगता है। सर्विस टैक्स से इस शुल्क पर दो से तीन रुपये का ही फर्क आएगा। पुलिस टीम में अजय चौहान, लक्ष्मण वर्मा और अखिलेश सिंह भी शामिल रहे।