कंझावला इलाके में महिलाओं पर गलत निगाह रखने के शक में दो लोगों ने एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी। पांच दिन पहले युवक का शव एक प्लॉट में नग्न अवस्था में मिला था। पुलिस ने आस-पास के इलाके के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला। जिसमें मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने इनके निशानदेही पर खून से सने कपड़े और मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त प्रणव तायल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कराला निवासी राजकुमार और बेगमपुर निवासी कार्तिक के रूप में हुई है। 19 अप्रैल को पुलिस को वर्धमान एन्क्लेव, शिव विहार, कराला में पानी से भरे एक खाली प्लॉट में एक युवक का शव पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया। युवक का शव नग्न अवस्था में था और उसके शरीर पर चोट के निशान थे।