-अधूरी जांच की शिकायत पर पुलिस ने की दोबारा जांच
-आज बृहस्पतिवार को डॉक्टर की अग्रिम जमानत पर होगी सुनवाई
एम्स के डॉक्टर पर दुष्कर्म का आरोप, अब भाई भी घिरा
पीड़िता के पिता को धमकाने के मामले में पूरक चार्जशीट दाखिल
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
एम्स के न्यूरोसर्जरी विभाग के प्रोफेसर दीपक गुप्ता पर महिला डॉक्टर को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में अब उनके भाई की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। साकेत कोर्ट में दाखिल पूरक चार्जशीट में पुलिस ने दीपक गुप्ता के भाई मनमोहन गुप्ता (70) को भी आरोपी बनाया है। उन पर पीड़िता के पिता को फोन कर धमकाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उनके बयानों में भी विरोधाभास सामने आया है। चार्जशीट के अनुसार, 9 जनवरी 2023 को मनमोहन गुप्ता ने पीड़िता के पिता को फोन किया था। आरोप है कि उन्होंने कहा था कि न तो शादी हुई है और न ही होने देंगे। ज्यादा बोलने पर झूठे मामले में जेल भिजवाने की धमकी भी दी थी। इस मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 506 के तहत आपराधिक धमकी देने का आरोप लगाया है।
बयानों में मिला विरोधाभास : चार्जशीट के मुताबिक, पूछताछ के दौरान मनमोहन गुप्ता ने पहले कहा था कि उन्होंने पीड़िता के पिता को कोई धमकी नहीं दी थी। उन्होंने बताया था कि नवंबर 2022 में पिता ने ही उन्हें फोन किया था। हालांकि, बाद में उन्होंने कहा कि इसके अलावा दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई। पुलिस ने उनके इन बयानों को विरोधाभासी माना है। चार्जशीट में कहा गया है कि उन्होंने पिता के साथ हुई बातचीत की बात छिपाई।
अधूरी जांच की शिकायत पर हुई दोबारा जांच : इस मामले में पुलिस पहले ही मुख्य चार्जशीट दाखिल कर चुकी थी। इसके बाद पीड़िता ने अदालत में विरोध याचिका दायर कर जांच अधूरी रहने की शिकायत की थी। पिछले साल 23 दिसंबर को न्यायिक मजिस्ट्रेट सुखजीत सिंह ने याचिका में उठाए गए कुछ बिंदुओं पर आगे जांच करने का निर्देश दिया था। इसके बाद पुलिस ने जांच पूरी कर पूरक चार्जशीट दाखिल की।
बृहस्पतिवार को अग्रिम जमानत पर सुनवाई : दीपक गुप्ता को फरवरी 2024 में सत्र अदालत से अग्रिम जमानत मिल गई थी। उस समय अदालत ने कहा था कि उन्हें गिरफ्तार किए बिना ही चार्जशीट दाखिल कर दी गई थी। जांच अधिकारी ने भी हिरासत में पूछताछ की जरूरत नहीं बताई थी। अब उनकी अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग वाली याचिका पर आज बृहस्पतिवार को साकेत कोर्ट में बहस होगी। हौज खास थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता भी डॉक्टर हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि दीपक गुप्ता ने शादी का भरोसा देकर उनके साथ कई बार दुष्कर्म किया।