भूकंप के झटके से सोमवार को एक बार फिर शहर के लोग सहम उठे। दोपहर 2:45 बजे शहर में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.7 आंकी गई है।
तेज झटकों के चलते इमारतों में खिड़कियां, पंखे और टेबल हिलने लगे। झटकों से घबराए लोग अपने घर और कार्यालयों से बाहर निकल आए। शहर में जानमाल के नुकसान की कहीं से कोई खबर नहीं है।
पिछले छह महीने के अंदर चौथी बार भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इसके पहले 25, 26 अप्रैल और 12 मई 2015 को भूकंप के झटके आए थे।
भूकंप का झटका लगने के बाद लोग अपने रिश्तेदारों को फोन कर उनकी सलामती पूछी। कुछ देर बार मोबाइल फोन भी लगना बंद हो गया। लोग काफी देर तक बिल्डिंगों से बाहर खड़े रहे।
पूरे शहर में करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। खासकर हाईराइजिंग भवनों में रहने वाले लोग ज्यादा परेशान नजर आए। नेहरू ग्राउंड स्थित पंजाब नेशनल बैंक, सेक्टर-12 लघु सचिवालय, कोर्ट समेत अन्य ऊंचे भवनों में काम करने वाले तेजी के साथ बाहर निकल आए।