बधाई मांगने के विवाद में एक किन्नर के हाथ बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। किन्नर ने जेल से छूटने के बाद वीडियो वायरल कर सड़क और थाने में पीटने का आरोप लगाया है। किन्नर का कहना है कि उसे धोखे से लुहारली टोल के पास बुलाकर पीटकर दादरी थाने ले गए और हाथ बांधकर पिटाई की। ये घटना 28 सितंबर की है। किन्नर ने जेल से छूटने के बाद लिखित शिकायत देकर न्याय व कार्रवाई की मांग की है। दादरी थाना पुलिस ने थाने में पिटाई के आरोप को निराधार बातया है। पुलिस का कहना है कि मामले में तीन लोगों के खिलाफ शांति भंग करने की कार्रवाई की गई है। वहीं, डीसीपी ग्रेटर नोएडा ने एसीपी दादरी को मामले की जांच सौंपी है।
दादरी में रहने वाली हिमा किन्नर का कहना है कि 28 सितंबर को उसके मोबाइल पर साजिश के तहत कॉल कर उसे लुहारली टोल के पास बुलाया गया। हिना ने बताया कि उसे एक नामी मिष्ठान विक्रेता के नाम से कॉल की गई। कॉलर ने कहा कि वह उसे बधाई देना चाहते हैं। इसलिए उन्हें दुकान पर आना होगा। हिना अपने साथियों को लेकर मिठाई की दुकान पर पहुंची, तभी वहां दूसरे गुट ने उस पर हमला कर दिया।
हिमा का आरोप है कि दूसरे गुट में कुछ पुरुष भी हैं, जो किन्नर बनकर रहते हैं। हिमा का आरोप है कि उसे सड़क पर पीटा गया और हाथ बांधकर थाने ले जाया गया। हिमा ने थाने में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भी पीटने का आरोप लगाया है। वायरल वीडियो में हिमा के हाथ बांधे हुए हैं और दूसरे गुट के अलावा कुछ पुलिसकर्मी भी खड़े दिख रहे हैं। इस मामले में हिमा ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। हिमा का कहना है कि उसके खिलाफ पहले भी झूठा केस दर्ज कराया गया है। वह आलाधिकारियों और न्यायालय से भी न्याय की मांग कर रही है।
डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि दो पक्षों में बधाई को लेकर विवाद है। हिमा पर मारपीट आदि का केस दर्ज किया गया था। मामले में शांति भंग की कार्रवाई की जा चुकी है। मामले की जांच एसीपी दादरी को सौंपी गई है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई होगी।