उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बृहस्पतिवार को आईएएस अधिकारियों की लॉबी पर सीधा हमला किया। सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में ट्रांसफर-पोस्टिंग की इंडस्ट्री चलती थी। आम आदमी पार्टी ने पिछले तीन महीने में उसे बंद किया है।
ट्रांसफर-पोस्टिंग से लाखों-करोड़ों का कारोबार करने वालों की कमाई रुक गई है, तो उन्हें दर्द हो रहा है। हमारी सरकार ने मेरिट के हिसाब से ट्रांसफर-पोस्टिंग की है। सिसोदिया ने कहा कि किसी आईएएस अधिकारी या विभाग प्रमुख की भावना को ठेस तभी पहुंचेगी, जब कोई मंत्री परेशान करेगा।
मैंने बैठक में अधिकारियों से पूछा भी, लेकिन किसी ने शिकायत नहीं की। ईमानदारी ही किसी अधिकारी का असली सम्मान है। सरकार की ओर से जितनी भी ट्रांसफर-पोस्टिंग की गई हैं वह संविधान के तहत की गई हैं।
इससे पहले बुधवार को आईएएस एसोसिएशन की तरह से बैठक के बाद एक प्रस्ताव पारित करके मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल, गृहमंत्री को भेजा गया। बैठक में कई पूर्व आईएएस अधिकारी भी शामिल थे।