दिवाली से पहले राजधानी में जाम लगना शुरू हो गया। सोमवार को भी राजधानी में कई जगहों पर जबरदस्त जाम रहा। वाहनों की लंबी लाइन लग गई और लोग घंटों जाम में फंसे रहे। उधर, ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दिवाली से पहले सड़कों पर ट्रैफिक भारी जरूर हो जाता है, लेकिन जाम जैसे हालात नहीं रहे।
उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि लोग बाजारों के पास स्थित मार्गों पर जाने से बचें। दिवाली व धनतेरस की खरीदारी के लिए काफी संख्या में लोग बाजार पहुंचे रहे हैं। इस कारण बाजारों के पास स्थित मार्गों पर जाम लग रहा है। लोगों से भी अपील की है कि हो सके तो त्यौहारों के मौसम में निजी वाहनों का प्रयोग करने की बजाय सार्वजनिक परिवहन सेवा का प्रयोग करें।
इन इलाकों में रहा जाम
राजधानी में सोमवार को एनएच-24 पर यूपी गेट से लेकर अक्षरधाम, सराय काले खां, रिंग रोड, भैरो मार्ग, मथुरा रोड, लालालाजपत राय मार्ग, चिराग दिल्ली, नेहरू प्लेस, साकेत, एमबी रोड, एमजी रोड, आश्रम, अपोलो अस्पताल, लाजपत नगर से हयात, धौला कुंआ, मायापुरी, राजा गार्डन, तिलक नगर, नजफगढ़ रोड, शालीमार बाग, पंजाब बाग, आजादपुर, किंग्ज्वे कैंप, आईएसबीटी, राजघाट, कमला मार्केट, चांदनी चौक, लालकिला, पहाड़गंज, करोल बाग, पटेल नगर, एनएच-8 और अद्र्घचनी पर जाम लगा।
अन्य वजहों से भी ट्रैफिक पर असर
आजाद मार्केट चौक पर पानी की पाइप लाइन फटने से रानी झांसी रोड, नजफगढ़ रोड, रोशनआरा रोड, सब्जी मंडी पुलिस स्टेशन, हिंदू राव पहाड़ी पर, पुलिस मुख्यालय के सामने आईपी मार्ग पर सड़क पर गड्ढा होने से, डीटीसी बस के खराब होने से अद्र्घचनी, गोलक धाम पर मरम्मत कार्य के चलते कापसहेड़ा से बिजवासन तक , मेट्रो का निर्माण कार्य के चलते मायापुरी से नारायणा तक और खूजरी से वजीराबाद की तरफ मार्ग के बंद करने से आसपास के मार्गों पर जाम लगा।