गुर्जर शोध संस्थान में रविवार को पटेल जयंती और दिवाली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें पहुंचे केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्णपाल सिंह गुर्जर ने कहा कि दो साल पहले टिकट तय करके काटने से तो अच्छा है कि टिकट पर देर से निर्णय हो, लेकिन देने के बाद टिकट काटा न जाए।
भाजपा परिवार की पार्टी नहीं है कि मुखिया ने फैसला लिया और टिकट मिल गया। इस बार उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। सपा में घमासान के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह उनका आंतरिक मामला है।
उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने और बुराइयों को दूर करने के लिए अखिल भारतीय गुर्जर शोध संस्कृति शोध संस्थान की तरफ से कार्य किए जा रहे हैं। खेल और शिक्षा से समाज की उन्नति होगी, जो समाज पढे़गा। वहीं, आरक्षण का लाभ लेगा। समाज के लोगों को लड़कों के साथ लड़कियों की शिक्षा पर भी बल देना चाहिए।
समाज ने आजादी से पूर्व और आजादी के बाद कुर्बानी दी है। इस कार्यक्रम में पैरालंपियन वरुण भाटी, अर्जुन भाटी, नीतीश नागर, सागर भाटी समेत जिले की तमाम प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। इस दौरान सांसद रमेश बिधूड़ी, गुर्जर नेता डॉ. यशवीर सिंह, पूर्व सिंचाई मंत्री नवाब सिंह नागर, पूर्व राज्य मंत्री हरिश्चंद्र भाटी, बिजेंद्र सिंह मुंशी, योगेंद्र चौधरी, शोध संस्थान के प्रवक्ता महेश अवाना, सुभाष भाटी ने भी विचार रखे।
क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत
कृष्णपाल सिंह गुर्जर ने अच्छेजा में आठवें ग्रामीण विशाल क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत की। उन्होंने शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में ग्रामीणों प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। खेल में भी क्षेत्र ही नहीं देश का नाम रोशन किया जा सकता है। वहीं, कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि गांवों से उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना चाहिए। यह टूर्नामेंट तीन दिन चलेगा।
इस मौके पर गोरक्षा हिंदू दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष वेद नागर, हातम सिंह नागर, तेजपाल नागर, श्रीचंद शर्मा, अजयपाल प्रधान, देवेंद्र खटाना, करतार सिंह निठोरा, चिंरजीत नागर, महाराज सिंह, तेजवीर नागर मौजूद रहे।