नोएडा के दो चौराहों पर सोमवार को ड्रोन कैमरे से प्राधिकरण के प्लानिंग विभाग ने ट्रैफिक स्टडी कराई। शाम करीब 5:30 बजे सेक्टर- 25ए और सेक्टर- 20 और 26 चौराहे पर ड्रोन कैमरा उड़ाया गया।
करीब 15 मिनट तक रिकॉर्डिंग की गई। इस मौके पर प्राधिकरण के अधिकारी और ड्रोन उपलब्ध कराने वाले कंपनी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इससे पहले भी महामाया फ्लाईओवर, सेक्टर- 16 ए, लॉजिक्स मॉल, सिटी सेंटर से सेक्टर- 71 पर भी ट्रैफिक की स्टडी प्राधिकरण ने करवाई थी।
ड्रोन उपलब्ध कराने वाली कंपनी के प्रतिनिधियों के मुताबिक एक बार में ड्रोन से 10 से 15 मिनट की रिकॉर्डिंग की जा सकती है। ड्रोन अधिकतम 120 फीट तक उड़ सकता है।
वहीं चीफ आर्किटेक्ट प्लानर एससी गौड़ ने बताया कि करीब 10 दिन तक शहर में ट्रैफिक की स्टडी की जाएगी। इसके बाद जहां जहां जरूरी होगा, वहां चौराहों और सड़कों को री डिजाइन किया जा सकता है।
स्पाइस मॉल की सड़क के विपरीत मास्टर प्लान नंबर दो पर एलिवेटेड रोड बन रही है, जिसके कारण स्पाइस मॉल की सड़क पर ट्रैफिक का दबाव अधिक है।