एक बार फिर फिल्म बैंग बैंग की शूटिंग में फजीहत हो गई। रविवार को मयूर विहार एक्सटेशन मेट्रो स्टेशन के पास फिल्म की शूटिंग चल रही थी। लेकिन अचानक ट्रैफिक पुलिस ने बीच में ही दखल देकर शूटिंग बंद करा दी।
इससे पहले भी लगातर बैंग-बैंग की शूटिंग की तारीखें आगे बढ़ती जा रही हैं। लगा रहा है ऋतिक की इस फिल्म पर भी समस्याओं के बादल गहराने लगे हैं। रविवार को जिस तरह से फिल्म की शूटिंग बंद कराई गई, इससे तो यही जाहिर होता है।
हालांकि दिल्ली में बैंग-बैंग के एक गाने की शूटिंग पहले हो चुकी है। लेकिन इस बार बड़े अचानक शूटिंग रोक दी गई।
शूटिंग बंद कराने की क्या थी वजह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मयूर विहार एक्सटेंशन पर चल रही ऋतिक रोशन और कैटरीना कैफ स्टाटर बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग इसलिए बंद करा दी कि उसे एरिया में भारी जाम लगने की आशंका थी।
दरअसल रविवार को दिल्ली में पहले से ही ट्रैफिक की समस्या था। मरकज जमात एहले हदीस हिंद की ओर से रामलीला मैदान में आयोजित वर्ल्ड पीस कांफ्रेंस के दूसरे दिन रविवार को मस्जिद-ए-नबवी, मदीना सऊदी अरब के इमाम अब्दुल मोहिसन-अल-कासिम आए थे।
यहीं नहीं वह शाम पांच बजे मगरिब की नमाज भी अदा करवाएंगे। इस बीच शनिवार को ही दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) अनिल शुक्ला के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर से सैकड़ों लोगों के रामलीला मैदान में आने की संभावना जताई थी और शहर में ट्रैफिक अलर्ट किया था। ऐसे शूटिंग होने से यह समस्या और बढ़ जाने की आशा थी।
पिछली बार शूटिंग में नहीं आई थी कोई अड़चन
दिल्ली की मालरोड स्थित गेयटी थियेटर के सामने चार जनवरी को बैंग-बैंग का एक दृश्य फिल्माया गया था।
हालांकि तब भी लोग दिन के सवा 12 बजे कुछ युवकों को एक चाय की दुकान में बैठे व्यक्ति पर ताबड़तोड़ हमला करते देख घबरा गए थे।
लेकिन बाद में पता चला था कि यह एक फिल्म की शूटिंग का हिस्सा है। तब दुकान के भीतर और बाहर लगाए गए कैमरों के सामने दो-तीन रिटेक के बाद सीन ओके हो गया था।
पहले भी आगे बढ़ाई जा चुकी है डेट
फिल्म बैंग बैंग की शूटिंग में आई यह पहली बाधा नहीं है। इसकी शूटिंग पहले भी आगे बढ़ाई जा चुकी है। तब इसकी वजह ऋतिक रोशन की तबियत का खराब होना बताया जा रहा था।
यहीं नहीं कुछ दिनों बाद फिल्म की हीरोइन कैटरीना भी फ्लू से पीड़ित हो गई थीं। जिससे फिल्म की शूटिंग में अड़चन आ चुकी है। गौरतलब है कि सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की शूटिंग पिछले कई महीनों से टलती जा रही है।
काफी समय बाद इसे नवंबर में शूट किया जाना तय हुआ था, लेकिन संभव हो नहीं पाया। इसके बाद जनवरी में कुछ शूटिंग हुई। लेकिन फिर डेट आगे बढ़ गई थी।