दिल्ली के प्रगति मैदान का अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला आज से आम लोगों के लिए खुल जाएगा। बुधवार से आम लोग इस मेले का लुत्फ उठा सकेंगे। आम लोगों के आने से व्यापार मेले में बढ़ने वाली आवाजाही को देखते हुए आईटीपीओ ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। वाहनों की आवाजाही, पार्किंग, टिकट काउंटर के साथ सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता करने में अधिकारी जुटे रहे।
आइटीपीओ का कहना है कि सभी मेट्रो स्टेशनों पर सुबह साढ़े आठ बजे से टिकट मिलेगा। वहीं, प्रगति मैदान के गेट नंबर एक और दो के टिकट काउंटर पर 9.30 बजे बिक्री शुरू होगी। आम दिनों में वयस्कों के लिए टिकट 50 व बच्चों के लिए 30 रुपये में मिलेगा। वहीं, शनिवार, रविवार और छुट्टी वाले दिन यह दरें क्रमश: 80 और 50 रुपये रहेगी।
इस दौरान टिकट दोपहर दो बजे तक ही मिलेगा। मेला प्रबंधन का कहना है कि छुट्टी वाले दिन दर्शकों की तादाद ज्यादा हो जाती है। इसी वजह से इन दिनों में टिकट की बिक्री पहले बंद हो जाती है।
बुजुर्गों व विकलांगों को मुफ्त प्रवेश
बुजुर्गों और विकलांगों का मेले में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। इसके लिए उन्हें जरूरी दस्तावेज दिखाने होंगे। इसके साथ ही इन लोगों के लिए परिसर के भीतर गाड़ी और व्हील चेयर का भी इंतजाम किया गया है। हालांकि इनके साथ आने वाले लोगों को तयशुदा दर पर टिकट खरीदना होगा।
महिलाओं का अलग से प्रवेश
महिला उद्यमिता थीम पर आयोजित मेले में महिलाओं के प्रवेश के लिए विशेष इंतजाम हैं। सभी एंट्री गेट पर महिलाओं के अलग से स्कैनर लगाए गए हैं। इससे उन्हें प्रगति मैदान में प्रवेश करने में दिक्कत नहीं होगी।
पार्किंग
चिड़ियाघर, भैरो रोड, पुराना किला रोड, प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन और इंडिया गेट पर पार्किंग का इंतजाम है। वहीं, प्रगति मैदान के किसी भी गेट के सामने वाहनों के रुकने पर प्रतिबंध है। ट्रैफिक पुलिस पार्किंग के अलावा वाहन खड़ा करने पर 600 रुपये चालान कर रही है। मेला प्रशासन की अपील है कि पार्किंग की दिक्कत से बचने के लिए आम लोग मेट्रो का इस्तेमाल करें। खास बात यह कि मेट्रो के सभी स्टेशन पर मेले का एंट्री टिकट खरीदा जा सकता है।
छह गेटों से होगा प्रवेश
मेले में आम लोगों का प्रवेश छह गेटों से होगा। आम लोग मथुरा रोड पर गेट नंबर पांच व सात और भैरो रोड पर गेट नंबर एक और दो से प्रवेश कर सकेंगे। इसके साथ ही मेट्रो से आने वाले गेट नंबर 10 और रेलवे स्टेशन से आने वाले गेट नंबर 11 से मेले में जा सकते हैं। गेट नंबर तीन व चार से वीआईपी व आईटीपीओ अधिकारियों की एंट्री है। गेट नंबर आठ प्रतिभागियों के प्रवेश के लिए है।