फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Inside Story: हाई सिक्योरिटी सेल की पहली मंजिल पर थे आरोपी, बेडशीट के सहारे उतरे और टिल्लू को उतारा मौत के घाट

Tue, 02 May 2023 07:15 PM IST
आकाश दुबे अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

जितेंद्र मान उर्फ गोगी गैंग से जुड़े बदमाशों ने हाई सिक्योरिटी सेल की पहली मंजिल की ग्रिल काटी। इसके बाद बेडशीट के सहारे नीचे उतरकर आरोपियों ने टिल्लू के कमरे में ग्रिल के सरिये से बनाए गए सुए से धावा बोल दिया।
विज्ञापन
Tillu Tajpuriya Murder - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी की अति सुरक्षित मानी जानी वाली तिहाड़ जेल भी अब गैंगवार से महफूज नहीं रह गई। महज 18 दिन के भीतर जेल में हुई गैंगवार में दूसरे कैदी की हत्या हो गई। मंगलवार सुबह सीसीटीवी कैमरों से लैस हाई सिक्योरिटी सेल में घुसकर चार बदमाशों ने दिल्ली-एनसीआर के कुख्यात गैंगस्टर सुनील उर्फ टिल्लू ताजपुरिया की बेरहमी से हत्या कर दी। जितेंद्र मान उर्फ गोगी गैंग से जुड़े बदमाशों ने हाई सिक्योरिटी सेल की पहली मंजिल की ग्रिल काटी। इसके बाद बेडशीट के सहारे नीचे उतरकर आरोपियों ने टिल्लू के कमरे में ग्रिल के सरिये से बनाए गए सुए से धावा बोल दिया। हाथ में सुए लिए सभी बदमाशों ने टिल्लू पर एक के बाद एक 90 से अधिक वार किए। जब तक जेल प्रशासन को पता चला तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

विज्ञापन

हमले के दौरान टिल्लू को बचाने आया रोहित नाम का कैदी भी जख्मी हो गया। जेल प्रशासन टिल्लू और रोहित दोनों को नजदीकी डीडीयू अस्पताल ले गया, जहां टिल्लू को मृत घोषित कर दिया गया। टिल्लू की दिन-दहाड़े हुई हत्या के बाद तिहाड़ जेल की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बरार ने फेसबुक पोस्ट कर हत्याकांड की जिम्मेदारी ली है।

उसने अपने पोस्ट में लिखा है, उन्होंने टिल्लू की हत्या कर जितेंद्र मान उर्फ गोगी की हत्या का बदला ले लिया है। बता दें कि पिछले माह 14 अप्रैल को जेल नंबर तीन में प्रिंस नामक कैदी की बॉबी, अता-उर-रहमान और विनय नामक कैदियों ने बेरहमी से हत्या कर दी थी। उस समय भी तिहाड़ की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए थे।

गोगी गैंग के चार बदमाश गिरफ्तार
फिलहाल हत्या, हत्या के प्रयास व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर गोगी गैंग के चार बदमाश दीपक उर्फ तितर (31), योगेश उर्फ टुंडा (30), राजेश (42) और रियाज खान (39) को औपचारिक रूप से इस मामले में गिरफ्तार कर लिया है। पश्चिम जिला पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। तिहाड़ प्रशासन को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।

2016 से जेल में बंद था टिल्लू
पुलिस के मुताबिक हत्या, हत्या के प्रयास, मकोका, पुलिस टीम पर हमला और बलवा करने के करीब 11 मामलों में सुनील उर्फ टिल्लू ताजपुरिया (33) वर्ष 2016 से जेल में बंद था। फिलहाल वह तिहाड़ जेल नंबर-8 के हाई सिक्योरिटी सेल में ग्राउंड फ्लोर पर था। जेल प्रशासन पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह उसकी सेल खोलने की तैयारी चल रही थी। इस बीच करीब 6.10 बजे पहली मंजिल पर बंद चारों कैदी दीपक उर्फ तितर, योगेश उर्फ टुंडा, राजेश और रियाज खान ने उस पर हमला बोल दिया। सेल में ही मौजूद कैदी रोहित ने टिल्लू को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उस पर भी हमला किया। आरोपियों का इरादा भांपकर रोहित को जान बचाकर वहां से भाग गया।

टिल्लू पर अंतिम सांस तक करते रहे हमला
चारों आरोपी टिल्लू को जब तक मारते रहे तब तक उनको यह पुष्टि नहीं हो गई कि उसकी मौत हो गई है। शोर-शराबा होने पर जेल प्रशासन के सुरक्षाकर्मी वहां पहुंचे। बाद में चारों को काबू कर उनसे सरिये से बनाया गया सुआ बरामद किया। इसके बाद फौरन टिल्लू व रोहित को करीब 6.45 बजे अस्पताल भेजा गया, लेकिन तब तक टिल्लू की मौत हो चुकी थी।

2021 में टिल्लू गैंग के शूटरों ने गोगी को उतारा था मौत के घाट
पुलिस ने मंगलवार को ही टिल्लू के शव का डीडीयू अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार के हवाले कर दिया है। पुलिस जेल में लगे सीसीटीवी कैमरों से जांच करने के अलावा बाकी कैदियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। बता दें कि 24 सितंबर 2021 को रोहिणी कोर्ट रूम में टिल्लू गैंग के शूटरों ने जितेंद्र मान उर्फ गोगी की हत्या कर दी थी।
विज्ञापन

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान टिल्लू गैंग के दो शूटरों को मार गिराया था। इस पूरी साजिश रचने के पीछे सुनील उर्फ टिल्लू का नाम सामने आया था। पुलिस के मुताबिक एक जमाने में टिल्लू और गोगी गहरे दोस्त थे। लेकिन कॉलेज में उनके बीच दुश्मनी हो गई थी। तभी से चली जा रही दुश्मनी में दोनों ओर से दर्जनों हत्याएं हो चुकी हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें