शिकोहपुर-रामपुरा के बीच बने फुटओवर ब्रिज की हालत खराब, राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर।
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर शिकोहपुर और रामपुरा के बीच हाल ही में बनाए गए फुटओवर ब्रिज (एफओबी) की टाइल्स कुछ ही महीनों में उखड़ने लगी हैं। टाइल्स टूटने और उखड़ने के कारण एफओबी से गुजरने वाले राहगीरों और दुपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए इसकी जांच कराने की मांग की है। लोगों ने कहा कि इस एफओबी का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने कराया है। निर्माण को अभी करीब तीन से चार महीने ही हुए हैं। इसके बावजूद कई जगहों पर फर्श की टाइल्स उखड़ गई हैं। लोगों का कहना है कि जिस सुविधा के लिए लंबे समय से मांग की जा रही थी, उसके निर्माण के कुछ समय बाद ही खराब स्थिति सामने आना परेशानी की बात है।
करोड़ों खर्च के बाद भी टिक नहीं रहा निर्माण
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर यातायात का दबाव अधिक होने के कारण एनएचएआई की ओर से कई स्थानों पर एफओबी बनाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि इन निर्माण कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। ऐसे में निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि रामपुरा एफओबी की टाइल्स कम समय में ही उखड़ने लगी हैं।
लंबे इंतजार के बाद मिली सुविधा
आसपास के ग्रामीण लंबे समय से हाईवे पर सुरक्षित आवागमन के लिए एफओबी बनाने की मांग कर रहे थे। एफओबी बनने से लोगों को हाईवे पार करने में राहत मिलने की उम्मीद थी। लेकिन निर्माण के कुछ ही समय बाद टाइल्स खराब होने से लोगों में नाराजगी है।
एफओबी को बने अभी कुछ ही महीने हुए हैं और टाइल्स उखड़ने लगी हैं। इससे साफ है कि निर्माण की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया गया। - रामावतार, स्थानीय निवासी
टाइल्स उखड़ने से पैदल चलने में परेशानी होती है। जल्द से जल्द खराब हिस्से की मरम्मत कराई जानी चाहिए। - रविंद्र, स्थानीय निवासी
हाईवे पर पहले ही वाहनों का दबाव रहता है। एफओबी पर खराब फर्श के कारण आने-जाने में परेशानी बढ़ रही है। - अर्पित, स्थानीय निवासी
हमने लंबे समय से एफओबी की मांग की थी। सुविधा मिलने के बाद इतनी जल्दी टाइल्स खराब होना निराशाजनक है। - मोहित, स्थानीय निवासी
करोड़ों रुपये खर्च करके निर्माण कराया जा रहा है तो काम भी मजबूत होना चाहिए। अधिकारियों को इसकी जांच करनी चाहिए। - नरेंद्र, स्थानीय निवासी
टाइल्स उखड़ने के कारण बाइक चलाने में भी परेशानी होती है, जिससे बाइक फिसलने का डर बना रहता है। काफी समय से हालात ऐसे ही है फ्लाईओवर पर। - देविंद्र, स्थानीय निवासी