मौसम विभाग के अनुसार अब अगले हफ्ते तक तापमान में गिरावट दर्ज होगी। शुक्रवार से क्रिसमस तक न्यूनतम तापमान पांच से छह डिग्री के बीच बना रहेगा। वहीं, 17 दिसंबर से कोहरा भी दस्तक दे सकता है। दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीते कई दिनों से अधिकतम तापमान 24 डिग्री से ऊपर ही चल रहा था। बीते सप्ताह तो अधिकतम तापमान 27 डिग्री तक पहुंच गया था।
पश्चिमी विक्षोभ से तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार बीते दो दिन से चली ठंडी हवा और पहाड़ों में पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण तापमान में गिरावट हुई है। हालांकि, बीते साल के मुकाबले में अधिकतम तापमान अब भी अधिक ही चल रहा है। शुक्रवार से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज होनी शुरू होगी।
विभाग ने 16 दिसंबर से 18 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 23 डिग्री व न्यूनतम तापमान पांच डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई है। जबकि 19 से 21 दिसंबर तक तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक रहने का अनुमान है।