दिल्ली में गर्मी ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-एनसीआर में बारिश नहीं होने के कारण तापमान बीते दो दिनों से रिकॉर्ड बना रहा है। सूरज के तल्ख तेवरों से बृहस्पतिवार को भी अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 29.2 डिग्री रहा। बीते चार सालों में अगस्त माह का यह सबसे गर्म दिन रहा। जबकि 2009 के बाद इस माह में यह दूसरा सबसे गर्म दिन है।
वर्ष 2014 में सबसे अधिक तापमान 27 अगस्त को 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। इसके अलावा बीते 10 साल में 38 डिग्री से अधिक तापमान 2011 (38.2 डिग्री) में ही दर्ज हुआ था। मौसम विभाग के अनुसार हवा की रफ्तार धीमी है और मौसम शुष्क है, इस वजह से बारिश नहीं हो रही है।
तापमान में बढ़ोत्तरी का भी यही कारण है। विभाग ने शुक्रवार से मौसम में राहत के संकेत दिए हैं। दो से तीन दिन हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई है।
बीते दस साल में अगस्त माह में सर्वाधिक तापमान
2018 36.8 डिग्री
2017 37.8 डिग्री
2016 37.0 डिग्री
2015 37.0 डिग्री
2014 39.4 डिग्री
2013 36.7 डिग्री
2012 36.9 डिग्री
2011 38.2 डिग्री
2010 37.6 डिग्री
2009 37.6 डिग्री