असम से गिरफ्तार किए गए तीनों आतंकियों ने पुलिस पूछताछ में कई अहम खुलासे किए। उन्होंने बताया कि असम के बाद उनके निशाने पर दिल्ली के दो बड़े बाजार और एक रेलवे स्टेशन था। दिल्ली के तीन युवक भी इनके संपर्क में थे, जिनसे सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर जान-पहचान की गई और उन्हें जिहाद के लिए तैयार किया।
तीनों ने दिल्ली में मौजूद लड़कों से यहां के बाजारों की रैकी कर उनकी फोटो व वीडियो बनाकर भेजने की भी बात की थी। आरोपियों से आईएस से जुड़ा साहित्य भी बरामद हुआ है।
पकड़े तीनों आरोपियों ने खुलासा किया है कि वह ग्वालपाड़ा जिले के दुधनोई में ब्लास्ट करने के बाद राजधानी दिल्ली में बड़े पैमाने पर तबाही मचाने की फिराक में थे। कुछ माह पूर्व इन लोगों ने सोशल नेटवर्किंग साइट्स के जरिये अपने दिल्ली में बैठे साथियों को तैयार किया था। यह लोग अपने साथियों से व्हाट्सएप व इंटरनेट कालिंग के जरिये बातचीत करते थे।
आरोपियों ने दिल्ली में मौजूद लड़कों से राजधानी के अतिव्यस्त रहने वाले बाजारों के अलावा रेलवे स्टेशन की जानकारी भेजने के लिए कहा था। यहां पता करना था कि इन स्थानों पर सुरक्षा के क्या इंतजाम रहते हैं, इसके लिए कहां पर आसानी से बम रखा जा सकता है। पुलिस अब इनके साथियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।