-सेक्टर-62 स्थित बालिका संप्रेषण गृह से पढ़ने के लिए होशियारपुर स्कूल में पढ़ने के लिए भेजी गई थीं बच्चियां
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। राजकीय बाल गृह बालिका, सेक्टर-62 की तीन किशोरियां मंगलवार को स्कूल से अचानक लापता हो गईं। 10, 12 और 13 वर्ष की ये किशोरियां सेक्टर-51 स्थित राजकीय विद्यालय में पढ़ने गई थीं। उनके गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस और बाल गृह प्रशासन में हड़कंप मच गया। नोएडा पुलिस ने करीब सात घंटे की तलाश के बाद तीनों को अलीगढ़ से सकुशल बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार राजकीय बाल गृह की 14 किशोरियां प्रतिदिन दो सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में स्कूल जाती हैं। मंगलवार को भी सभी छात्राएं निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचीं। दोपहर के भोजनावकाश के दौरान तीनों किशोरियों ने शौचालय जाने की अनुमति मांगी, लेकिन इसके बाद वे कक्षा में वापस नहीं लौटीं। छुट्टी के समय छात्राओं की गिनती के दौरान उनके लापता होने का पता चला। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने बाल गृह को सूचना दी और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही सेक्टर-49 थाना पुलिस ने कई टीमें गठित कर तलाश शुरू की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशनों पर भी पुलिस ने जांच की। पड़ताल के दौरान मिले साक्ष्यों से संकेत मिला कि तीनों किशोरियां अलीगढ़ की ओर गई हैं। इसके बाद नोएडा पुलिस ने अलीगढ़ पुलिस से संपर्क किया और संयुक्त अभियान चलाया।
त्वरित कार्रवाई से सात घंटे में मिली सफलता
तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नोएडा व अलीगढ़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीनों किशोरियों को सकुशल बरामद कर लिया। बाल गृह का एक दल भी अलीगढ़ भेजा गया था। पुलिस के अनुसार बरामदगी के समय तीनों सुरक्षित थीं और उनके साथ किसी अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आयुक्त और डीसीपी ने बरामदगी अभियान में शामिल टीमों की सराहना की।
घर जाने की आशंका, अब होगा काउंसलिंग सत्र
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों किशोरियां अलीगढ़ की रहने वाली हैं और एक ही कक्षा में पढ़ती हैं। आशंका है कि वे पूर्व योजना के तहत घर जाने के लिए स्कूल से निकली थीं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि वे अलीगढ़ तक कैसे पहुंचीं और किसी व्यक्ति ने उनकी मदद तो नहीं की। बाल गृह के नियमों के अनुसार तीनों किशोरियों की काउंसलिंग कराई जाएगी। जांच में यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
197 बालिकाएं रहती हैं राजकीय बाल गृह में
विद्यालय की प्रधानाचार्य रंजनी यादव ने बताया कि तीनों छात्राओं ने शौचालय जाने की अनुमति ली थी, लेकिन वापस नहीं लौटीं। बाल गृह की केंद्र प्रभारी अनुदिता सिंह ने तत्काल पुलिस को सूचना देकर तलाश के लिए टीम रवाना की। सेक्टर-62 स्थित राजकीय बाल गृह में करीब 197 बालिकाएं रह रही हैं। इनमें 15 से 18 किशोरियां अलीगढ़ की हैं। कुल 44 बालिकाएं विभिन्न सरकारी विद्यालयों में बस सुविधा के माध्यम से पढ़ने जाती हैं। घटना के बाद बाल गृह और स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी शुरू कर दी गई है।