सुभाष प्लेस इलाके में मोबाइल लूटने के दौरान एक युवक को चाकू मारकर घायल करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया है। पकड़े गए दो आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चाकू और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार एक बदमाश की पहचान शकूरपुर निवासी लाल बिहारी के रूप में हुई है। 26 फरवरी की रात शकूरबस्ती निवासी हर्ष आर्य ने पुलिस को लूटपाट की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल हर्ष को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। हर्ष के हाथ चाकू के घाव थे। उसने बताया कि वह रात में पब्लिक स्कूल के सामने डीडीए डिस्ट्रिक्ट पार्क में बैठा था। इसी दौरान तीन लड़के उनके पास पहुंचे। उसमें से एक ने पीड़ित का कॉलर पकड़ लिया। दूसरे लड़के ने चाकू दिखाया और तीसरे लड़के ने उसकी जेब से मोबाइल फोन और दो सौ रुपये निकाल लिए।
जब उसने विरोध किया तो बदमाशों ने उसे लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया और एक लड़के ने उसके सिर पर ईंट से हमला कर दिया। वहीं एक बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। उसके हाथ में चाकू लगने से वह घायल हो गया। शोर सुनकर गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने एक नाबालिग को पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाश से पूछताछ कर फरार बदमाशों की पहचान कर ली और बाद में इलाके से दोनों फरार आरोपी को पकड़ लिया।