नई दिल्ली। भारत नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को घायल कर लूट लिया। बदमाशों ने युवक पर बोतल और ईंट से हमला किया और उसका मोबाइल व नौ हजार नकद लूट कर भाग गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान देवेंद्र चौहान उर्फ मनोज, कार्तिक उर्फ बाबू और मोहनराज उर्फ मोगन के रूप में हुई है।
आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है। उत्तरी पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि यह घटना 12 दिसंबर देर रात की है। पीड़ित कशिश मदान अपने एक दोस्त के साथ जेजे कॉलोनी वजीरपुर गया था। इस दौरान माचिस मांगने को लेकर कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि एक युवक ने बोतल और ईंट से कशिश के सिर पर हमला किया, जबकि उसके दो साथी उसे पकड़कर खड़े रहे। इसके बाद तीनों बदमाश मोबाइल फोन, नकदी और कुछ दस्तावेज लेकर भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही भारत नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार लिया। पुलिस के मुताबिक देवेंद्र चौहान और कार्तिक के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले है। जबकि मोहनराज का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पूछताछ में आरोपियों ने आसान पैसा कमाने के लिए वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है।
सचिन कुमार