हरियाणा से एक अजीबो-गरीब खबर सामने आई है। जिसे पढ़कर आप खुद हैरान हो जाएंगे। क्या नर्सरी का छात्र किसी के साथ दुष्कर्म कर सकता है। साढ़े तीन साल के मासूम पर एफआईआर दर्ज होने पर कानूनविद् भी हैरान हैं।
दुष्कर्म की बढ़ती वारदात को लेकर देश भर में उठ रहे राजनीतिक भूचाल से खौफजदा खाकी इस कदर लापरवाह हो गई है कि गंभीर धारा में एफआईआर दर्ज करने से पहले यह जानना भी मुनासिब नहीं समझा कि आरोपी की उम्र क्या है।
साढ़े तीन साल के आरोपी को देखकर खिसियाई थाना पुलिस अब मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाकर इसे खत्म करने की तैयारी कर रही है। उधर, साढ़े तीन साल के बच्चे पर लगाई गई गंभीर धाराओं के बाद कानूनविद् भी हैरान हैं।
दरअसल थाना सूरजकुंड क्षेत्र के अंतर्गत एक स्कूल की नर्सरी कक्षा में पढ़ने वाली साढ़े तीन साल की छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली। जांच में पता चला कि दुष्कर्म के आरोपी की उम्र भी साढ़े तीन साल ही है।
सूरजकुंड थाना क्षेत्र में रहने वाली साढ़े तीन साल की बच्ची एक नामी स्कूल की नर्सरी कक्षा की छात्रा है। बुधवार दोपहर को स्कूल से छुट्टी होने के बाद जब बच्ची घर पहुंची तो उसने अपनी मां को बताया कि उसके गुप्तांग में दर्द हो रहा है। बच्ची की मां ने जब उसको देखा तो उसके गुप्तांग में खरोंच के निशान थे, जिसे देखकर उसकी मां घबरा गई।
उन्होंने बच्ची से पूछा कि चोट कैसे लगी तो उसने बताया कि एक भइया ने धक्का दे दिया था और उससे चोट लगी। बच्ची की मां ने दुष्कर्म की आशंका जताते हुए अज्ञात स्कूली छात्र के खिलाफ सूरजकुंड थाने में तहरीर दी। बच्ची का मामला होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत ही मामला दर्ज कर उसमें 6 पॉक्सो एक्ट लगा दिया।
बृहस्पतिवार को पुलिस स्कूल में जांच करने पहुंची और बच्चों से बात की। इस दौरान बच्ची से महिला पुलिसकर्मी ने भइया के बारे में पूछा तो उसने अपनी क्लास में ही बैठे एक बच्चे की तरफ इशारा कर दिया, जिस पर पुलिस भी दंग रह गई।
पुलिस का कहना बच्ची की मां ने जो आरोप लगाए थे उसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया था। इस पर पुलिस ने मामले में बिना जांच पड़ताल मुकदमा दर्ज कर लिया। अब इसे पुलिस कर लापरवाही समझें कि मुकदमा दर्ज करने से पहले पुलिस ने यह भी जांच करना उचित नहीं समझा कि जिस पर आरोप लगाए जा रहे हैं, आखिर वह छात्र किस उम्र का है और तुरंत ही मामला दर्ज कर लिया गया।
वहीं इसमें पुलिस का खौफ भी साफ झलक रहा है। जम्मू और उन्नाव में बच्चियों के साथ हुई दुष्कर्म की घटनाओं के बाद से देश में विरोध प्रदर्शन जारी है। एक दिन पहले ही थाना सारन क्षेत्र में छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और फिर बुधवार को विरोध प्रदर्शन से पुलिस घबराई हुई थी कि कहीं यह मामला भी समाचारों की सुर्खियां न बन जाए।
ऐसे में पुलिस शायद बच्ची के साथ दुष्कर्म की शिकायत पर कोई खतरा मोल नहीं लेना चाहती थी और शिकायत के तुरंत बाद मामला दर्ज कर लिया। हालांकि, बृहस्पतिवार को पुलिस जांच के लिए स्कूल पहुंची और उसके सामने सारी सच्चाई आई तो खुद जांच अधिकारियों के पैरों तले से जमीन खिसक गई।
अब पुलिस इस मामले में अपनी किरकिरी बचाने के लिए अंतिम रिपोर्ट लगाने की तैयारी कर रही है। थाना सूरजकुंड प्रभारी विशाल कुमार ने कहा कि बच्ची की मां की शिकायत आई थी और उसमें बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई गई थी। चूंकि शिकायत अज्ञात के खिलाफ थी। ऐसे में आरोपी की उम्र का उस समय पता नहीं चल पाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उस पर तुरंत कार्रवाई कर मुकदमा दर्ज किया गया।