जिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर एनएम माथुर को ग्लूकोज मामले की जांच के मामले में एक शख्स ने धमकी भरा फोन कॉल करके मामले में आरोपी को बहाल करने को कहा है। धमकी भरे फोन कॉल के बाद परिजन खौफ में हैं। इस मामले को लेकर बुधवार को उनकी पत्नी ने 100 नंबर पर फोन कर शिकायत की है।
सीएमएस ने भी पुलिस को लिखित शिकायत दी है। सीएमएस की पत्नी ज्योति माथुर ने बताया कि कुछ दिनों पहले जिला अस्पताल के मेडिसिन वॉर्ड में भर्ती रोगी को एक्सपायरी डेट का ग्लूकोज चढ़ा दिया गया था। लापरवाही को देखते हुए संविदा पर नियुक्त एक नर्स को नौकरी से निकाल दिया गया था।
उसी मामले में मंगलवार की शाम 7 बजे उनके पति के पास किसी शख्स का फोन आया। फोन करने वाले ने उन्हें नर्स को बहाल करने को कहा और अंत में धमकी देते हुए कहा कि अगर बहाल नहीं किया तो हम देख लेंगे। इस घटना के बाद परिजन रात भर परेशान रहे। ज्योति ने 100 नंबर पर फोन कर मामले की शिकायत दी है। वहां से कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है।
वहीं सीएमएस डॉ. एनएम माथुर ने बताया कि इस मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दे दी गई है। आगे की कार्रवाई पुलिस करेगी। हालांकि पुलिस अभी ऐसी किसी शिकायत से इनकार कर रही है।