हरिनगर इलाके में एक दुष्कर्म पीड़िता को केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी मिली है। आरोपियों ने उसे पांच लाख रुपए का प्रलोभन भी दिया, लेकिन उसने मानने से इंकार कर दिया। धमकी से पीड़िता सहम गई थी। उसने शनिवार को पुलिस से इसकी शिकायत की।
जानकारी के मुताबिक 27 वर्षीय पीड़िता सपरिवार हरिनगर इलाके में रहती है। उसने शकील नाम के युवक पर दुष्कर्म का मामला दर्ज करवा रखा है। पीड़िता का आरोप है कि उस पर मामला वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है।
रिपोर्ट में बताया कि गत 24 जून की रात वह आश्रम रोड पर खड़ी थी। इसी दौरान सफेद रंग की कार उसके पास आकर रुकी। उसमें तीन युवक सवार थे। उन्होंने उसे शकील के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने के लिए कहा और इसकी एवज में पांच लाख रुपए लेने की बात कही।
ऐसा नहीं करने पर युवकों ने पिस्टल दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी और तेजाब फेंकने की बात कह फरार हो गए। किसी तरह हिम्मत कर वह 6 जुलाई को हरिनगर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।