एक 77 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने बेटे-बहू और उनके दो बच्चों से जान का खतरा बताते हुए जिलाधिकारी से सुरक्षा की गुहार लगाई है। आरोप है कि बेटा उनकी करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पना चाहता है।
इसके लिए आए दिन मां-बाप का उत्पीड़न कर जान से मारने की धमकी देता है। मामले में बुजुर्ग की ओर से नोएडा सेक्टर-20 में रिपोर्ट भी दर्ज कराई जा चुकी है।
बुजुर्ग ने सभी को अपने घर से निकालने का निवेदन किया है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच एसपी सिटी को सौंपी है।
ब्च्चे दुर्व्यवहार और उत्पीड़न करते हैं
नोएडा के सेक्टर-19 निवासी रमेश दत्त अग्रवाल ने बताया कि उनका बेटा विक्रम, पुत्रवधू निशी और पौत्र-पौत्री उनके और पत्नी मंजू अग्रवाल के साथ दुर्व्यवहार एवं उत्पीड़न करते हैं।
उनकी बीमारी के चलते यदि बेटी मोना उनसे मिलने घर आती है, तो उसके साथ भी अभद्र व्यवहार किया जाता है। दंपति ने अपनी जान को खतरा बताते हुए बेटा, पुत्रवधू, पौत्र और पौत्री को घर से निकालने की मांग की है।
आरोप है कि उनका बेटा सेक्टर-19 स्थित 450 वर्ग मीटर के उनके मकान पर कब्जा करना चाहता है। मामले में 24 अक्तूबर को नोएडा सेक्टर-20 पुलिस थाना में चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुत्र समेत चारो को घर से निकालने की गुहार
जान से मारने की धमकी देने के चलते ही रमेश दत्त ने अपने बेटे को संपत्ति से बेदखल कर दिया है। बुजुर्ग का आरोप है कि 1 नवंबर को सेक्टर-20 थाना पुलिस से जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।
बेटे से तंग दंपति ने जान माल की सुरक्षा कराने और पुत्र समेत चारों को उनके घर से बाहर निकालने की मांग की है।
जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी एनपी सिंह ने नोएडा के एसपी सिटी को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जांच में कार्रवाई का आख्या भी मांगी है।