अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने रविवार को गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी दिवस के समापन समारोहों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मैराथन आयोजित की। यह मैराथन कर्तव्य पथ से शुरू होकर गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब पर समाप्त हुई। इसमें बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सहित हजारों लोगों ने भाग लिया।
प्रतिभागियों ने गुरु तेग बहादुर साहिब और उनके साथ शहीद हुए भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाला की शहादत को नमन किया। मैराथन के शुभारंभ से पहले गुरुद्वारा बंगला साहिब के हेड ग्रंथी ज्ञानी रणजीत सिंह ने अरदास की। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र भी दिए गए। डीएसजीएमसी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने बताया कि शहीदी समागमों का समापन दिसंबर में गुरु तेग बहादुर साहिब के शहीदी दिवस पर होगा।
अगले दो महीनों में लाल किले सहित दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डीएसजीएमसी ने संगत से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।