संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। बारिश के बाद मौसम में आए बदलाव के बाद बाजारों में गर्म कपड़ों की मांग बढ़ने लगी है। सीलमपुर बाजार में बच्चों के गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए ग्राहक पहुंचने लगे हैं।
अब तक हल्के कपड़ों की खरीदारी पर जोर था, लेकिन ठंडी हवाओं के साथ लोगों का रुझान गर्म कपड़ों की ओर बढ़ा है। खासकर सुबह और रात के समय ठंड महसूस होने के कारण लोग बच्चों के लिए सर्दियों के कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं। सीलमपुर बाजार में सर्दियों के कपड़ों की विविधता के चलते ग्राहकों को अपनी जरूरत और बजट के अनुसार विकल्प मिलते हैं। जैकेट, स्वेटर, गर्म लोअर और हुडी जैसे कपड़ों की मांग बढ़ रही है। कारोबारियों ने भी सर्दियों के मौसम की तैयारी तेज कर दी है। दुकानदारों को आने वाले दिनों में कारोबार में तेजी की उम्मीद है। सीलमपुर स्थित दुकानदारों का कहना है कि मौसम में ठंडक बढ़ने पर बाजार में ग्राहकों की आवाजाही और बढ़ सकती है।