लोगों ने जान बचाकर अस्पताल में कराया भर्ती, हालत नाजुक
चोरी की नीयत से एक मकान की छत पर गया था आरोपी
आरोपी के पास से मिले दो मोबाइल फोन, पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बिंदापुर इलाके में हाईटेंशन तार के चपेट में आकर एक चोर बुरी तरह से झुलस गया। वह चोरी के नीयत से एक मकान में घुसा था। लोग किसी तरह से उसकी जान बचाकर पास के अस्पताल में लेकर गए, जहां से घायल युवक को सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। आरोपी की पहचान सुमेश के रूप में हुई है। पुलिस चोरी का मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी सुमेश विकास नगर का रहने वाला है और उसपर 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन मिले, जिन्हें आरोपी ने आस पास के घरों से चुराया था। अधिकारी ने बताया कि घटना 20 अप्रैल की है। तड़के करीब 5.25 बजे पुलिस को राजापुरी इलाके में एक युवक के हाईटेंशन तार के चपेट में आने से झुलसने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस राजापुरी स्थित एक मकान पर पहुंची। जहां शिकायतकर्ता राजीव मिले।
उन्होंने बताया कि चोरी के नीयत से मकान में घुसा एक युवक छत के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के चपेट में आ गया। मकान मालिक के बेटे ललित सहित अन्य लोगों ने उसके कपड़े में लगी आग को बुझाया और उसे दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल लेकर गए। जहां से डॉक्टरों ने उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने छत पर पहुंचकर छानबीन की। आरोपी के बारे में जांच करने पर पता चला कि सुमेश चोरी के मामले में शामिल रहा है और उसपर 18 मामले दर्ज हैं।