आम आदमी पार्टी अपने विधायकों को लेकर जनता के बीच कराए गए सर्वे रिपोर्ट के आधार पर दो और विधायकों के टिकट काटने की संभावनाएं तलाश रही है। पार्टी सूत्रों की मानें तो दोनों की सर्वे रिपोर्ट अच्छी नहीं है। हालांकि अभी आलाकमान को अंतिम फैसला लेना बाकी है। अगर पार्टी इनके टिकट काटने का फैसला लेती है तो ‘आप’ के कब्जे वाली शेष बची आठ सीटों पर पार्टी नए चेहरों को मौका देगी।
पार्टी अब तक उम्मीदवारों की दो सूची जारी कर चुकी है, जिसमें 18 मौजूदा विधायकों का नाम शामिल है। पार्टी सूत्र बताते हैं कि अब जो सूची जारी होगी उनमें शेष आठ सीटों में से केजरीवाल के अलावा किसी अन्य मौजूदा विधायक का नाम शामिल होना मुश्किल है। जिन दो नए मौजूदा विधायकों के नाम आ रहे हैं उनमें मॉडल टाउन से अखिलेशपति त्रिपाठी और विकासपुरी से महेंद्र यादव हैं। दोनों की रिपोर्ट अच्छी नहीं बताई जा रही है।
पार्टी दोनों विधायकों को मिलाकर आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी छोड़ चुके बिन्नी सहित आठ विधायकों की जगह नए उम्मीदवार मैदान में उतार सकती है। इन आठ में से विनोद कुमार बिन्नी, एमएस धीर व अशोक कुमार चौहान पहले ही पार्टी छोड़ चुके हैं। जबकि हरीश खन्ना व राजेश गर्ग चुनाव नहीं लड़ने की इच्छा पार्टी को बता चुके है।
इसके अलावा पटेल नगर विधायक वीना आनंद का टिकट काट दिया गया है। सीमापुरी के विधायक धर्मेंद्र कोली को पार्टी ने टिकट देने से इनकार कर दिया है। संभव है कि टिकट कटने की सुगबुगाहट के बीच अभी ‘आप’ के कुछ और नेता अन्य दलों का दामन थाम लें।