फरीदाबाद/पलवल। इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस से माल उड़ाने वाले बदमाशों को आरपीएफ अभी गिरफ्तार कर मामले का खुलासा ही कर पाई थी कि दो फरवरी की रात बदमाशों ने देहरादून -बांद्रा एक्सप्रेस को निशाना बनाते हुए पार्सल बोगी से फिर माल उड़ा दिया।
फरीदाबाद-मथुरा सेक्शन में आए दिन हो रही चोरी की वारदात से आरपीएफ की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
आरपीएफ कोसीकलां प्रभारी के अनुसार देहरादून से बांद्रा टर्मिनल जाने वाली 19020 देहरादून बांद्रा एक्सप्रेस दो फरवरी की रात बांद्रा की ओर जा रही थी।
ट्रेन रात करीब पौने 12 बजे पलवल से मथुरा की ओर निकली। पलवल-रूंधी के बीच चोर पार्सल में बुक कराए माल को रास्ते में गिराकर उठा ले गए।
इस बात की जानकारी होने पर आरपीएफ ने छानबीन शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चला। आरपीएफ कोसीकलां प्रभारी श्रीपाल का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।
मामले को जीआरपी पलवल को सौंपा जाएगा। बता दें कि अभी आठ दिन पहले चोरों ने इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस को निशाना बनाते हुए तुगलकाबाद -फरीदाबाद के बीच में बुक कराए पान मसाला पर हाथ साफ किया था।
ट्रेनों की सुरक्षा पर उठे सवाल
फरीदाबाद-मथुरा सेक्शन में चलती ट्रेनों में पार्सल बोगी से सामान चोरी होने की घटनाओं से आरपीएफ की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। क्योंकि इस सेक्शन में चलने वाली गाड़ियों में आरपीएफ और जीआरपी दोनों की ड्यूटी रहती है।