निरंकारी बाबा हरदेव सिंह महाराज का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह कनाडा से दिल्ली लाया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को बुराड़ी रोड स्थित ग्राउंड नंबर-आठ में सोमवार दोपहर से मंगलवार रात तक रखा जाएगा।
अंतिम संस्कार बुधवार को निगम बोध घाट पर किया जाएगा। निरंकारी बाबा के अंतिम दर्शन व अंतिम यात्रा में लाखों लोगों के जुटने की उम्मीद है, जिसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई है। निरंकारी संत मंडल के अनुसार निरंकारी बाबा हरदेव सिंह महाराज की अंतिम यात्रा बुधवार सुबह आठ बजे बुराड़ी रोड स्थित ग्राउंड नंबर-आठ से शुरू होगी और निगम बोध घाट पर संपन्न होगी।
दोपहर 12 बजे निगम बोध घाट स्थित सीएनजी शवदाह गृह में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मंडल के मुताबिक बुधवार को ही बाबा को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम होगा। बुराड़ी रोड स्थित ग्राउंड नंबर-दो निरंकारी सरोवर के सामने दोपहर बाद तीन बजे से शाम सात बजे तक श्रद्धांजलि दी जाएगी।